सुल्तानपुर के जयसिंहपुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सेमरी बाजार के पास मौकेडीह गांव के समीप तेज रफ्तार डीसीएम बस में पीछे से जा घुसी। हादसे में डीसीएम के परखचे उड़ गए और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के दरोगा की छोरी गांव निवासी इम्तियाज अहमद (35) डीसीएम से पीली सरसों लादकर पटना जा रहे थे। वाहन में उनके साथ खलासी मुदस्सिर (17), मोहम्मद इसराइल (25) निवासी बुद्धगंज (थाना जैतपुरा) और मोहम्मद अनीस (30) निवासी बादली (थाना हैदरगढ़) सवार थे।
बताया गया कि मौकेडीह के पास आगे चल रही बस सवारी बैठाने के लिए अचानक रुक गई, जिससे पीछे से आ रही डीसीएम उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम में सवार मोहम्मद अनीस की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में डीसीएम सवार इम्तियाज अहमद, मुदस्सिर और मोहम्मद इसराइल के अलावा बस में सवार शिवांगी मौर्य (23) निवासी फूलपुर, रशीदा निवासी कुशवाहा, साजिदा (42) और लुकमान (18) निवासी निजामपुर, आजमगढ़ घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद बस चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर जयसिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकीनाथ पांडेय ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। घटना के बाद बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।




