सुलतानपुर में रेस्क्यू फेल: जाल से बचकर भागा तेंदुआ, नदी पार कर अंबेडकरनगर की ओर गया

सुलतानपुर जिले के कुंदाभैरोपुर/चंदीपुर गांव के पास बुधवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जाल में फंसा तेंदुआ वन विभाग की रेस्क्यू टीम को चकमा देकर फरार हो गया। तेंदुआ नदी पार कर अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र की सीमा की ओर निकल गया।

जानकारी के अनुसार, तेंदुआ गांव के पास लगाए गए जाल में फंस गया था। इसके बाद वन विभाग ने देर शाम से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तेंदुए को पकड़ने के लिए गोरखपुर से डॉ. योगेश के नेतृत्व में अयोध्या मंडल और सुलतानपुर की तीन से अधिक रेस्क्यू टीमें मौके पर तैनात की गईं। कंजरवेटिव अयोध्या मंडल के निर्देश पर क्षेत्र में जाल और पिंजरे लगाए गए थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर एसडीएम कादीपुर उत्तम कुमार तिवारी, स्थानीय विधायक राजेश गौतम सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। बावजूद इसके, गुरुवार सुबह तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जा सका।

ग्रामीणों के अनुसार, नदी के उस पार सुरक्षा घेरा नहीं लगाए जाने के कारण तेंदुए को निकलने का रास्ता मिल गया और वह जाल व पिंजरे को चकमा देकर नदी पार कर गया। तेंदुए के फरार होने के बाद दोनों जिलों के सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

वन विभाग की टीमें अब तेंदुए की मूवमेंट ट्रैक करने में जुटी हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment