अलीगंज बस स्टैंड पर खड़ी मिलीं तीन ग्रामीण बसें:एटा में विधायक ने लगाई फटकार, तय रूट पर बसों का संचालन नहीं होने की शिकायत

एटा में अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह ने रविवार को अलीगंज रोडवेज बस स्टैंड पर मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक साथ तीन मुख्यमंत्री ग्रामीण बसें बस स्टैंड पर खड़ी मिलीं। बसों के तय रूट पर संचालित नहीं होने की शिकायत पर विधायक ने नाराजगी जताई और चालकों व परिचालकों को जमकर फटकार लगाई। तय रूट पर नहीं चल रही थीं बसें विधायक ने एक-एक कर बसों का निरीक्षण किया। उन्होंने चालकों और परिचालकों से बसों के संचालन की जानकारी ली। आरोप है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत राजा का रामपुर और अमरोली रतनपुर से संचालित होने वाली बसें अपने निर्धारित स्थान और रूट के बजाय अलीगंज से एटा के बीच ही चलाई जा रही थीं। क्षेत्रीय प्रधानों और नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान एक ही स्थान पर तीन बसें खड़ी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। एआरएम से फोन पर की शिकायत विधायक सत्यपाल सिंह ने मामले को लेकर दूरभाष पर एआरएम नरेश गुप्ता से शिकायत की। विधायक का आरोप है कि शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद उन्होंने मौके पर मौजूद चालकों और परिचालकों को निर्धारित रूट से ही बसों का संचालन करने की हिदायत दी। विधायक ने एआरएम पर भी अनियमितताओं में संलिप्तता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों और शासन स्तर पर की जाएगी। ‘ग्रामीणों को लाभ पहुंचाने के लिए शुरू हुई योजना’ विधायक सत्यपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि अमरोली और राजा का रामपुर से बसों के निर्धारित चक्कर लगाए जाने हैं, लेकिन बसों को अलीगंज से एटा तक ही चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआरएम की मिलीभगत से योजना की मंशा के विपरीत बसों का मनमाने ढंग से संचालन किया जा रहा है। विधायक के मुताबिक, राजा का रामपुर चेयरमैन, विल्सर और अमरोली रतनपुर गांव के प्रधानों ने इस संबंध में शिकायत की थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर वह व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचे थे।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment