आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाश राहगीर का मोबाइल झपटकर फरार हो गए। वारदात घाट चौराहे के पास हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहीद नगर निवासी अमर सागर ने बताया कि 29 जुलाई की शाम वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। घाट चौराहे के पास पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया। अचानक हुई वारदात के कारण वह बदमाशों का विरोध नहीं कर सके। बाइक का नंबर भी नहीं देख पाए। अमर सागर के मुताबिक, मोबाइल में निजी संपर्कों के अलावा कई जरूरी दस्तावेज और महत्वपूर्ण जानकारी भी थी। उन्हें मोबाइल के गलत इस्तेमाल की आशंका है। उन्होंने पुलिस से मोबाइल बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के जरिए बाइक सवारों की पहचान करने में जुटी है।




