कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज:हापुड़ में 7 दिन रहेंगे AICC ऑब्जर्वर, ब्लॉक-विधानसभा स्तर पर करेंगे समीक्षा

हापुड़ के असौड़ा स्थित हितकारी फार्म हाउस में शनिवार शाम को कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें AICC ऑब्जर्वर चेतन चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ PCC ऑब्जर्वर रिजवान कुरैशी, नरेंद्र चौहान और पंकज तेजानिया भी मौजूद रहे। चेतन चौहान ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिलों में संगठन की स्थिति की समीक्षा करना और पार्टी की जमीनी मजबूती का आकलन करना है। उन्होंने जानकारी दी कि वह अगले सात दिनों तक हापुड़ में रहेंगे और विधानसभा तथा ब्लॉक स्तर पर बैठकें करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष पद के लिए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने पार्टी के आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाना और 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। इससे पहले, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी और शहर अध्यक्ष इरफान अहमद के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निजामपुर बाईपास पर एकत्र होकर AICC ऑब्जर्वर चेतन चौहान का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर एक प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई। बैठक में पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद अयाजुद्दीन, पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा और कांग्रेस नेता सचिन चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment