गोरखनाथ मंदिर में नाग पंचमी पर सजा कुश्ती का महादंगल:375 पहलवानों की हो रही भिड़ंत, CM योगी करेंगे समापन

गोरखपुर में नागपंचमी के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में पारंपरिक खेल कुश्ती का भव्य आयोजन शुरू हुआ। दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला ने किया। मंदिर परिसर में सुबह से ही खेल प्रेमियों और दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साह और जोश से भर गया। खेल विभाग उत्तर प्रदेश और जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न मंडलों, जिलों और खेल संस्थानों से करीब 375 पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। हर मुकाबले में पहलवान अपनी ताकत, तकनीक और रणनीति का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे दर्शकों को रोमांचक दंगल देखने को मिल रहा है। तीन वर्गों में कड़ा मुकाबला प्रतियोगिता को उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु, इन तीन प्रमुख वर्गों में आयोजित किया गया है। हर वर्ग में शीर्ष पहलवानों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो रही है। इससे प्रतियोगिता का स्तर और भी ऊंचा हो गया है। उत्तर प्रदेश केसरी और कुमार वर्ग में विजेता को 1,01,000 रुपए, उपविजेता को 51,000 रुपए और तृतीय स्थान पर 25,000 रुपए दिए जाएंगे। वहीं वीर अभिमन्यु वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51,000 रुपये और द्वितीय व तृतीय को 25-25 हजार रुपये मिलेंगे। विजेता पहलवानों को नगद पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र और पारंपरिक ‘गदा’ देकर सम्मानित किया जाएगा। हर पहलवान का हौसला बढ़ाने की अनोखी पहल इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि हर मुकाबले में भाग लेने वाले पहलवान को 500 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। चाहे वह जीत हासिल करे या नहीं। इस पहल से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ रहा है और युवा पहलवानों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। प्रतियोगिता का समापन 17 अगस्त को दोपहर 3 बजे भव्य समारोह के साथ होगा। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे फाइनल मुकाबलों का आनंद लेने के साथ विजेता पहलवानों को सम्मानित भी करेंगे, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ जाएगी। पारंपरिक खेलों को मिल रही पहचान
विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को नई पहचान देते हैं और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करते हैं। वहीं जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के उत्कृष्ट पहलवान हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबले बेहद प्रतिस्पर्धात्मक और उच्च स्तर के हो रहे हैं।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment