प्रयागराज में विधायक पल्लवी पटेल ने माफिया अतीक अहमद के बेटे अहजम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मेरे पिता सोनेलाल जब मुसीबत में थे तो अतीक ने साथ दिया था। आज बेटा खत्म होने से वो परिवार गम में है। इसीलिए मैं मिलने आई हूं। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल शुक्रवार शाम 4 बजे हटवा पहुंची थीं। यहां वह अतीक की बहन परवीन कुरैशी से भी मिलीं। अबान की मौत को लेकर परिवार को ढांढस बंधाया। पल्लवी ने इस दौरान अतीक के भाई अशरफ के बच्चों से भी बात की। करीब सवा 6 बजे वो मुलाकात के बाद रवाना हो गईं। पल्लवी की अतीक के बेटे से मुलाकात की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। कुछ लोग इसे मानवीय संवेदना तो कुछ राजनैतिक तौर पर जोड़कर देख रहे हैं। दरअसल. पल्लवी की अतीक के बेटे से मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब अबान की मौत को लेकर घर में गम का माहौल है। पल्लवी पटेल ने कहा- परिवार में इतनी बड़ी गमी हुई है। उस परिवार से मिलने में क्या हर्ज है? मैंने अहजम और परिवार के अन्य लोगों से मुलाकात की। उन्हें ढांढस बंधाया और तसल्ली दी। इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। पल्लवी ने उमर-अली के मुकदमों का स्टेटस पूछा अतीक के गांव हटवा में उसका बेटा अहजम और बहन परवीन कुरैशी रह रहे हैं। शुक्रवार को कौशांबी की सिराथू सीट से अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल समर्थकों संग अहजम से मिलने पहुंचीं। पल्लवी ने अहजम से जेल में बंद उमर और अली के बारे में जानकारी की। उनके मुकदमों और मौजूदा स्टेटस के बारे में पूछा। इसके साथ ही अबान के सुपुर्द-ए-खाक में कब्रिस्तान में कौन-कौन आया था? इसे लेकर भी बात की। पल्लवी ने कहा कि अतीक अहमद के मेरे पिता सोनेलाल पटेल से बहुत गहरे रिश्ते थे। अतीक हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। वे चुनाव जीते और जनप्रतिनिधि रहे। मैं आज उनके परिवार से परेशानी के समय मिल रही। यह वक्त राजनीति का नहीं है। पल्ल्वी बोलीं- मेरे घायल पिता को अतीक ने भर्ती कराया था पल्लवी ने कहा कि प्रयागराज में सिविल लाइंस पार्क में जब मेरे पिता सोनेलाल पटेल रैली करने आए थे। तब पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया था। मेरे पिता सोनेलाल पटेल के हाथ-पैर में फ्रेक्चर हो गया था। उस समय अतीक अहमद ही अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने ही मेरे पिता को अस्पताल में भर्ती कराया था। बाद में अतीक अहमद हमारी पार्टी अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उन्होंने पार्टी के टिकट पर ही चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। उस समय प्रतापगढ़ में भी अपना दल का एक विधायक जीता था। प्रयागराज में करीब 30 सीटों पर अपना दल के पार्षद चुने गए थे। सपा विधायक भी अतीक के बेटे से मिलने पहुंचे थे अबान के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद हटवा गांव लाया गया था। 7 अगस्त को प्रतापगढ़ के रानीगंज से सपा विधायक आरके वर्मा भी अतीक के परिवारवालों से मिलने हटवा पहुंचे थे। यहां उन्होंने अतीक के घरवालों से बातचीत की थी। आरके वर्मा ने अतीक के परिवार को तसल्ली देते हुए उन्हें ढांढस बंधाया था। इस मुलाकात पर लोगों के सवाल उठाने पर सपा विधायक ने कहा था कि क्या आफत हो गई? मेरे उस परिवार से पहले भी रिश्ते थे। दुखद घटना हुई तो मैं वहां गया। इमरान प्रतापगढ़ी भी ट्रोल हो रहे
अतीक के बेटे अबान की मौत पर सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा ट्रोलिंग कांग्रेस से राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की हो रही। फोटो, वीडियो, रील्स के जरिये इमरान पर भद्दे कमेट्स किए जा रहे हैं। मुशायरों के मंच पर कभी इमरान प्रतापगढ़ी अतीक अहमद को अपना बड़ा भाई और बाप समान कहा करते थे। प्रतापगढ़ी की शायरी- ‘शायद किसी का कोई ऐसा कद नहीं होगा, कई सदियों तलक कोई अतीक अहमद नहीं होगा,’ का वीडियो लगाकर ट्रोलिंग हो रही है। अतीक समर्थक, उसके बेटों के दोस्त अबान की मौत पर कुछ न बोलने से नाराज हैं। डिवाइडर से कार टकराने से अबान की हुई थी मौत अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान 6 अगस्त को झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था। क्रेटा कार में उसके 4 और दोस्त थे। अबान कार की आगे वाली सीट पर बैठा था। कार उसका साथी जैद चला रहा था, जबकि अबान के पीछे सोनू बैठा था। झांसी से 70 किमी पहले पूंछ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार क्रेटा कार एक पिकअप को ओवरटेक करने के बाद बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 10 फीट हवा में उछल गई। हादसे में अबान (21) और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, तेज टक्कर से अबान के लीवर, लंग्स और शरीर की तिल्ली (Spleen) फट गई। पसलियां भी टूट गई थीं। शरीर के अंदर ज्यादा ब्लीडिंग होने से उसकी मौत हुई। कार में अबान की सीट के पीछे बैठे उसके साथी सोनू की मौत सिर की हड्डी टूटने से हुई थी। 8 अगस्त को अबान को प्रयागराज में पिता अतीक की कब्र के बगल में दफनाया गया था। तीनों भाइयों अली, उमर और अहजम ने अबान को कंधा दिया था। भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट से अली-उमर को पैरोल मिली थी। इसके बाद पुलिस झांसी से अली और लखनऊ से उमर को लेकर आई थी। …………………… ये खबर भी पढ़िए अतीक के बेटे की कार कैसे पलटी, सामने आया VIDEO:लोडिंग वाहन को ओवरटेक किया, फिर डिवाइडर से टकराकर 10 फीट उछली अतीक अहमद के बेटे अबान की कार के एक्सीडेंट का वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि तेज रफ्तार क्रेटा कार एक पिकअप को ओवरटेक करने के बाद बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 10 फीट हवा में उछल गई। यह वीडियो अबान की कार के पीछे चल रही कार के डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। अबान की कार का एक्सीडेंट 6 अगस्त को झांसी से 70 किमी पहले पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ था। हादसे में अबान (21) और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी। अबान झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर




