बुलंदशहर के जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के परोरी गांव में रविवार शाम 7 बजे बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान किशोरी लाल के पुत्र नीरज के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने खुर्जा-जेवर मार्ग पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और ग्रामीणों की मांग पर बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की। विधायक मीनाक्षी सिंह ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उच्च अधिकारियों (SC) से संपर्क किया। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले SDO को निलंबित करने और JE को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। मार्ग पर लगभग 2 घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित रहा। खुर्जा सीओ के आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। मृतक के परिजनों ने उचित आर्थिक सहायता और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




