मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष चक ने रविवार को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) डेरवा और लालानगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लापरवाही बरतने पर दो स्वास्थ्य कर्मियों का सात दिन का वेतन रोक दिया गया। पीएचसी डेरवा में निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। यहां मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया था, जिसमें 200 मरीज ओपीडी में पहुंचे। एचपीवी टीकाकरण का कार्य भी लक्ष्य निर्धारित कर किया जा रहा था। इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालानगर का भी निरीक्षण किया। यहां भी सभी कर्मचारी मौजूद मिले। हालांकि, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को परिसर में उगी जंगली घास की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया गया। इसी केंद्र पर वार्ड बॉय सुनील कुमार और स्वीपर विकास का सात दिन का वेतन बाधित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार सभी स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों को समय पर अस्पताल में उपस्थित होकर मरीजों को सुविधा उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




