सीतापुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सार्वजनिक अपमान किए जाने के आरोप के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से रविवार शाम करीब 7 बजे मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस स्थानीय गांधी पार्क (आंख अस्पताल) चौराहे से शुरू होकर अटल चौक (लालबाग चौराहा) तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रगीत के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। मशाल जुलूस में भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा समेत बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकारी अध्यक्ष अमन विक्रम सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के कथित कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
इस मौके पर भाजपा नेता अचिन मेहरोत्रा ने कहा कि 15 अगस्त पूरे देश के लिए गौरव और राष्ट्रीय पर्व का दिन है। देशवासी स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा जिस तरह का वन्देमातरम को बीच में रुकवाने का प्रयास किया गया है, उससे राष्ट्रप्रेमियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देशवासियों की पहचान और आन-बान-शान है। राष्ट्रगीत के प्रति किसी भी प्रकार का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। मशाल जुलूस के माध्यम से कांग्रेस नेताओं को संदेश दिया गया है कि देश का प्रत्येक राष्ट्रप्रेमी अपने राष्ट्र के साथ मजबूती से खड़ा है। अचिन मेहरोत्रा ने कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा सामने आती है तो भाजयुमो और राष्ट्रप्रेमी कार्यकर्ता इससे भी बड़े आंदोलन के जरिए विरोध दर्ज कराएंगे।




