अपनों के तिरस्कार या किसी अन्य वजह से भगवान श्री कृष्ण की शरण में वास करने वृंदावन आई विधवा माताएं रक्षाबंधन पर्व पर दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी बांधेगी। सुलभ इंटरनेशनल संस्था के नेतृत्व में 5 माताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा और प्रधानमंत्री को राखी भेंट करेगा। इसके लिए विधवा माताओं ने एक हफ्ते तक मेहनत कर अपने हाथों से भगवान राम कृष्ण और PM मोदी के फोटो लगी राखियां बनाई हैं। माताओं ने बनाईं प्रधानमंत्री के लिए 1100 विशेष राखियाँ रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वृंदावन की सैकड़ों विधवा माताओं ने परंपरागत रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए उत्साह और आत्मसम्मान के साथ रक्षा बंधन त्योहार मनाया। सुलभ इंटरनेशनल के तत्वावधान में ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में आयोजित इस समारोह में माताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए 1100 से अधिक विशेष राखियाँ बनाईं और उन्हें भाई के रूप में अपना स्नेह व आशीर्वाद समर्पित किया। इस अवसर पर सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजिका श्रीमती नित्या पाठक ने उपस्थित सभी माताओं व बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं। नित्या पाठक ने कहा आज वृंदावन की माताओं के साथ रक्षाबंधन मनाना अत्यंत भावुक और सौभाग्य का क्षण है। यह आयोजन सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. विंदेश्वर पाठक जी की करुणा, संवेदना और मानवता के प्रति उनके संकल्प का प्रतीक है। 7 दिन से कर रही थीं माताएं तैयारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट की जाने वाली राखियों को बनाने की माताएं 7 दिन से तैयारी कर रही थी। माताओं ने अपने हाथों से रेशम के धागा,कपड़े की मदद से राखियां बनाईं। इन पर उन्होंने भगवान राम कृष्ण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगाई। माताओं ने सबसे पहले राखी भगवान कृष्ण की प्रतिमा को बांधी। इसके बाद उन्होंने सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजिका नित्या पाठक को राखी बांधी। इस दौरान माताओं की आँखें नम नजर आई। माताओं के जीवन में बना रहे आत्मसम्मान वर्ष 2012 से सुलभ इंटरनेशनल वृंदावान की विधवा माताओं के साथ लगातार जुड़ा हुआ है। होली, दिवाली और रक्षाबंधन जैसे सभी त्योहार वर्षों से इन माताओं के साथ मनाए जा रहे हैं। श्रीमती नित्या पाठक ने कहा कि संस्थान का संकल्प है कि डॉ. पाठक जी की विरासत को आगे बढ़ाते हुए इन माताओं के जीवन में खुशियाँ, सम्मान और आत्मविश्वास हमेशा बना रहे। 5 माताएं जाएंगी दिल्ली श्रीमती नित्या पाठक ने बताया कि पाँच माताएँ रक्षाबंधन के अवसर पर इन राखियों और मिठाइयों की टोकरियाँ लेकर दिल्ली जाएँगी और अपने ‘भाई’ प्रधानमंत्री जी को यह उपहार भेंट करेंगी। इस दौरान वह अपने हाथों से प्रधानमंत्री की कलाई पर राखी बांधेगी। आयोजन के दौरान माताओं ने भजन-कीर्तन के साथ नृत्य किया और उत्साहपूर्वक राखियाँ सजाईं। पूरा वातावरण भक्तिमय व आनंदित रहा।




