सुल्तानपुर में इमामबाड़ा हयातनगर से निकला जुलूस:प्रदेश की मशहूर अंजुमनों ने की शिरकत, गूंजी या हुसैन की सदाएं

सुलतानपुर के वक्फ इमामबाड़ा हयातनगर में रविवार शाम 4 बजे कमेटी तमन्ना-ए-मूसा के तत्वावधान में एक जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आईं कई मशहूर अंजुमनों ने शिरकत की। बड़ी संख्या में अकीदतमंद, जायरीन और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। जुलूस की शुरुआत के बाद विभिन्न अंजुमनों ने अपने पारंपरिक अंदाज में नौहाख्वानी और मातम पेश किया। अंजुमनों की प्रस्तुतियों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौलाना अब्बास इरशाद लखनऊ ने खिताब किया। जाहिद काजमी और मौलाना शारिब अब्बास ने भी तकरीरें पेश कीं। वक्ताओं ने धार्मिक और सामाजिक विषयों पर संबोधित करते हुए आपसी भाईचारे, एकता और इंसानियत का संदेश दिया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पुलिस की निगरानी में जुलूस सकुशल संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर कमेटी तमन्ना-ए-मूसा के अध्यक्ष कायम मेहंदी चांद ने जुलूस में शामिल होने वाली सभी अंजुमनों, अकीदतमंदों, जायरीन और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग देने के लिए पुलिस प्रशासन का भी शुक्रिया अदा किया। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment