भदैंया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और ट्रक चोरी में शामिल बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कोतवाली देहात के पखरौली रेलवे क्रॉसिंग मोड़ के पास कार सवार दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में जौनपुर जिले के मजडीहा, शाहगंज निवासी एहतेशाम (30) और पटैला, खुटहन निवासी मोहम्मद अनवर (45) के पैर में गोली लगी। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से दो अवैध असलहे और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि एसओजी और कोतवाली देहात पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपी कार से कहीं जा रहे हैं। पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की गई, इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे छह नवंबर को बिकवाजितपुर स्थित ढाबे के पास हुई ट्रक चोरी की घटना में शामिल थे। घायल होने के बाद दोनों को सीएचसी भदैंया में प्राथमिक इलाज दिलाया गया, इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अमेठी जिले के गौरीगंज थाना क्षेत्र के नरौली गांव निवासी असलम का मिनी ट्रक छह नवंबर को चोरी हुआ था। इस मामले में आठ नवंबर को केस दर्ज कराया गया था। जांच में कुल पांच आरोपियों के नाम सामने आए थे। इससे पहले 16 नवंबर की रात कोतवाली देहात पुलिस ने बभनगंवा गांव के पास मुठभेड़ के दौरान अमरनाथ और अर्शलान को गिरफ्तार कर चोरी का ट्रक और पीड़ित का मोबाइल बरामद किया था।
इस केस में अभी एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। गिरफ्तार आरोपियों का criminal record भी खंगाला जा रहा है।




