जागरण संवाददाता, कानपुर।
कानपुर के किसानों और व्यापारियों के लिए मंडी से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। 24 जनवरी 2026 को गल्ला मंडी और सराफा बाजार में अनाज, दलहन, दाल और कीमती धातुओं के दामों में मिला-जुला रुख देखने को मिला।
गल्ला मंडी में गेहूं के भाव लगभग स्थिर बने रहे। गेहूं दड़ा 2625 से 2675 रुपये प्रति क्विंटल, जबकि आर.आर. 21 किस्म के दाम 2700 से 2750 रुपये प्रति क्विंटल बोले गए। व्यापारियों के अनुसार मांग और आवक संतुलित रहने से कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं दिखा।
दलहन वर्ग में अरहर और चना की मांग बनी रही, जिससे इनके दाम मजबूत नजर आए। दालों की बात करें तो अरहर फूल के भाव 11400 से 11500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए, जबकि अरहर स्पेशल में भी तेजी दर्ज की गई।
खाद्य तेलों में सरसों कोल्हू के दाम 15500 से 15600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहे। वहीं सराफा बाजार में तेजी का रुख जारी रहा। चांदी 999 टंच के भाव 337000 रुपये प्रति किलो, जबकि सोना बिस्कुट 162500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।
व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय संकेतों और घरेलू मांग का असर बाजार पर बना हुआ है, जिसके चलते सराफा और दालों में मजबूती देखी जा रही है।




