पति की मौत से सदमे में महिला ने ट्रेन से लगाई छलांग, सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा

सुल्तानपुर में पति की मौत से गहरे सदमे में एक महिला द्वारा चलती ट्रेन से छलांग लगाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। घटना गुरुवार रात करीब 1:40 बजे सुल्तानपुर–वाराणसी रेलमार्ग पर पखरौली रेलवे स्टेशन के पास अभियाकला गांव के निकट हुई।

मृतका की पहचान बिहार के बक्सर जिले के रायपुरा गांव निवासी नीतू उपाध्याय (35) के रूप में हुई है। वह अपने परिजनों के साथ लखनऊ से श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौट रही थीं। जीआरपी के अनुसार, नीतू शौच के बहाने ट्रेन के दरवाजे के पास गईं और अचानक चलती ट्रेन से कूद गईं।

घटना के बाद यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी। कुछ दूरी पर महिला का शव रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, नीतू के पति अजीत उपाध्याय का इलाज लखनऊ स्थित SGPGI में चल रहा था। अजीत का एक वर्ष पूर्व किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था और पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। 24 जनवरी को उन्हें SGPGI में भर्ती कराया गया था, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

परिजन अजीत के शव को एंबुलेंस से गांव ले जा रहे थे, जबकि नीतू को रिश्तेदारों के साथ ट्रेन से भेजा जा रहा था। पति की मौत की खबर से वह मानसिक रूप से बेहद टूट चुकी थीं। पुलिस का मानना है कि घटना इसी गहरे मानसिक आघात का परिणाम हो सकती है।

मृतक दंपति के दो बेटियां अनन्या और अमान्या तथा एक नौ वर्षीय बेटा सत्यजीत है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment