नागपंचमी पर पहलवानों का उत्साह बढ़ाएंगे सीएम योगी:CM के सामने खेले जाएंगे फाइनल मुकाबले

नागपंचमी पर्व और पारंपरिक भारतीय खेलों का अत्यंत प्राचीन और अटूट नाता है। इस जुड़ाव को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सतत विस्तार देते रहे हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी वह सोमवार को नागपंचमी के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाएंगे, उनका मार्गदर्शन करेंगे। नागपंचमी के उपलक्ष्य में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का रविवार को गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 300 से अधिक पहलवान प्रतिभाग कर रहे हैं। सोमवार को इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु के खिताबी मुकाबले होंगे। प्राचीन और परंपरागत भारतीय खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए गोरक्षपीठ और इसके पीठाधीश्वरों की प्रतिबद्धता जग जाहिर है। वर्तमान गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने इस प्रतिबद्धता को और विस्तारित किया है। इसका प्रमाण है नाग पंचमी के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली कुश्ती प्रतियोगिता। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इस प्रतियोगिता का स्वरूप पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश स्तरीय कर दिया गया है। प्रदेश के खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की तरफ से इस प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में विजेता पहलवानों में लाखों रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। जानिए कितनी होगी इनामी रकम
तीनों खिताबों के विजेताओं को 1.01 लाख रुपये, उप विजेताओं को 51 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाले दो-दो पहलवानों को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मुख्यमंत्री के हाथों प्राप्त होगा। इसके साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों को प्रत्येक कुश्ती बाउट पर 500-500 रुपये की नकद राशि भी दी जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आवास, भोजन, आने-जाने का किराया व अनुसांगिक व्यय के भुगतान की व्यवस्था भी खेल विभाग के नियमों के अनुसार की गई है। कुश्ती प्रतियोगिता का समापन व पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम 17 अगस्त को दोपहर बाद 3 बजे होगा।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment