झांसी में रविवार को कांग्रेस पर्यवेक्षक और मध्य प्रदेश विधानसभा की पूर्व डिप्टी स्पीकर हिना कावरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से ध्वजारोहण के बाद प्रधानमंत्री के युवाओं के बीच पहुंचने को लेकर उन्होंने कहा- मोदी किले की प्राचीर से उतरकर युवाओं के पास तो पहुंचे हैं, लेकिन युवाओं के दिल से उतर चुके हैं। हिना कावरे सिंधी तिराहा स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अलग-अलग बातचीत कर संगठन को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने जिलाध्यक्षों की कार्यशैली और संगठन की स्थिति पर भी कार्यकर्ताओं की राय जानी। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस के संगठनात्मक बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सुझाव लेने के बाद की जाएगी। साथ ही नए जिलाध्यक्षों को एक महीने की ट्रेनिंग देने का फैसला भी किया गया है। बंद कमरे में कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक हिना कावरे ने शहर कांग्रेस कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता और जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया की कार्यशैली को लेकर कार्यकर्ताओं से राय ली। कार्यकर्ताओं से संगठन की मौजूदा स्थिति, आपसी समन्वय और आगे की तैयारियों को लेकर भी जानकारी ली गई। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति का बदलेगा तरीका हिना कावरे ने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन में जिम्मेदार पदों पर नियुक्ति के लिए नया फॉर्मूला तैयार किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात में हुई बैठक में राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने निर्देश दिए हैं कि जिलाध्यक्षों की नियुक्ति से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सुझाव लिए जाएं। उन्होंने कहा कि इससे संगठन में काम करने वाले लोगों की राय को भी महत्व मिलेगा और नियुक्तियों में स्थानीय स्तर की स्थिति को ध्यान में रखा जा सकेगा। नए जिलाध्यक्षों को मिलेगी एक महीने की ट्रेनिंग कांग्रेस पर्यवेक्षक ने बताया कि पार्टी ने नए जिलाध्यक्षों के लिए एक महीने की ट्रेनिंग का प्रावधान भी किया है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिलाध्यक्षों को संगठन चलाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने और पार्टी की गतिविधियों को मजबूत तरीके से आगे बढ़ाने के लिए तैयार करना है। 22 अगस्त तक झांसी में रहेंगी हिना कावरे ने कहा कि वह 22 अगस्त तक झांसी में रहेंगी। इस दौरान लगातार पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन से जुड़ी जानकारी और सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद वह अपनी पूरी रिपोर्ट कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेंगी। 2027 के चुनाव को लेकर बोलीं- पूरी ताकत से उतरेंगे उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। हालांकि, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। PM मोदी के युवाओं से मिलने पर किया कटाक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त को लालकिले से ध्वजारोहण के बाद युवाओं के बीच पहुंचने को लेकर सवाल पूछे जाने पर हिना कावरे ने उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किले की प्राचीर से उतरकर युवाओं के बीच तो पहुंचे हैं, लेकिन उनके कार्यकाल में जंतर-मंतर पर युवाओं पर लाठी और पैलेट गन चलने की घटनाएं हुई हैं। हिना कावरे ने कहा कि ऐसे में प्रधानमंत्री युवाओं के बीच पहुंच तो रहे हैं, लेकिन युवाओं के दिल से उतर चुके हैं।




