चांदा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना कालिकागंज गांव के पास हाईवे पर उस समय हुई, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान कैलाश, निवासी कुधुवा, थाना आसपुर देवसरा, और विमलेश पुत्र राजाराम, निवासी कापर, थाना आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि कैलाश अपनी बहन के यहां खिचड़ी लेकर जा रहे थे, इसी दौरान कालिकागंज के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कैलाश की हालत को गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल सुलतानपुर रेफर कर दिया, जबकि विमलेश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कैलाश को अधिक चोटें आई हैं, इसलिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।




