CM योगी आज गोरखपुर में हैं। मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त नजर आए। एक महिला ने शिकायत की कि कुछ दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं और शिकायत करने पर धमकी देते हैं कि जहां जाना हो चली जाओ।
महिला की बात सुनकर सीएम योगी नाराज हो गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिला को रास्ता उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अगर रास्ता नहीं दिया जा रहा है तो लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार को सस्पेंड किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी राजस्व मामलों के निस्तारण में लापरवाही मिले, वहां जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ मामले की गंभीरता के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में करीब 200 लोगों से मिले सीएम योगी
सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में सीएम करीब 200 लोगों से मिले।
मुख्यमंत्री एक-एक फरियादी के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने अपने प्रार्थना पत्र मुख्यमंत्री को दिए। उन्होंने खुद प्रार्थना पत्र पढ़कर शिकायत और समस्या की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों। सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। हर पीड़ित की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
राजस्व मामलों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जमीन से जुड़े कुछ अन्य मामलों में भी लोगों ने राजस्व कर्मियों की लापरवाही की शिकायत की। इस पर सीएम योगी ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इलाज के लिए पहुंचे लोगों को भी मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए हर संभव मदद करेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। सीएम ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने के बाद भी यदि इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी जरूरतमंद को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।
यह खबर भी पढ़िए
यूपी में एक लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती होगी
यूपी के सरकारी विभागों में आउटसोर्स पर 1 लाख नए कर्मचारियों की भर्ती होगी। साथ ही, पहले से काम कर रहे 2.75 लाख से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी भी 8 से 15 हजार रुपये तक बढ़ाने की तैयारी है।
चुनावी साल में 5 महीने पहले भी योगी सरकार ने 2.75 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई थी। तब 8 से 10 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकास) 30 अगस्त से पहले काम शुरू कर देगा। मुख्यमंत्री खुद इसका उद्घाटन करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…




