Jaunpur: तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी मां-बेटे की जिंदगी, चाची गंभीर

मछलीशहर नगर के चुंगी चौराहे पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के मुताबिक, बरसठी थाना क्षेत्र के घाटमपुर देवकली गांव निवासी अरविंद सरोज (24) अपनी मां मंजू देवी (50) और चाची फोटो देवी (45) के साथ बाइक से मछलीशहर बाजार खरीदारी करने आए थे। बाजार से लौटते समय जब अरविंद चुंगी चौराहे पर मड़ियाहूं मार्ग की ओर बाइक मोड़ रहा था, तभी जौनपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि मंजू देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद और उसकी चाची गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद चौराहे पर जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने पर अरविंद सरोज ने भी दम तोड़ दिया, जबकि उसकी चाची फोटो देवी का इलाज अभी जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को पकड़ लिया है।

कोतवाल विनीत राय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे से गांव और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment