नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी, फिर सुलह का दबाव और अब जान से मारने की धमकी—यह सनसनीखेज मामला लंभुआ कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस में FIR दर्ज कराई है।
जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के बबुरा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार शुक्ला ने आरोप लगाया है कि लंभुआ थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर भरखरे निवासी पदमकांत दुबे ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले आरोपी ने 25 लाख रुपये की मांग की थी।
पीड़ित के अनुसार, शुरुआत में उसने पैसे देने से इनकार किया, लेकिन आरोपी ने ज्वाइनिंग लेटर मिलने के बाद भुगतान की बात कही। इसके बाद सुरेंद्र ने आरोपी के खाते में अलग-अलग किस्तों में 3 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर किए और 1 लाख 45 हजार रुपये नकद दिए। इस तरह कुल 20 लाख रुपये आरोपी को दे दिए गए।
जब ज्वाइनिंग लेटर मिला तो वह फर्जी निकला। ठगी का खुलासा होने पर सुरेंद्र को उधार लिए गए पैसे चुकाने के लिए अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी। दबाव बनाने पर आरोपी ने कुछ समय बाद 4 लाख 87 हजार रुपये वापस किए, लेकिन बाकी रकम देने से साफ इनकार कर दिया और कहा— “जो करना है कर लो।”
पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे खेल में आरोपी के साथ तीन अज्ञात लोग भी शामिल थे। अब पदमकांत दुबे, उसका बड़ा भाई और उसकी पत्नी मिलकर सुरेंद्र पर सुलह करने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि धमकी दी गई है कि यदि सुलह नहीं की गई तो पूरे परिवार को जान से खत्म करा दिया जाएगा।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




