जौनपुर से सामने आया यह मामला इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक पति ने गुस्से या बदले की राह चुनने के बजाय ऐसा फैसला लिया, जिसने सभी को चौंका दिया। पत्नी के प्रेमी के साथ भाग जाने के बाद पति ने न सिर्फ दोनों को आमने-सामने बैठाया, बल्कि पूरे विधि-विधान से पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी और अपने बच्चे को साथ लेकर अलग हो गया।
मामला जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र से जुड़ा है। मूल रूप से मिर्जापुर निवासी युवक की शादी वर्ष 2022 में जलालपुर की युवती से हुई थी। शादी के एक साल बाद 2023 में दोनों के घर एक बच्चे का जन्म हुआ। इसके बाद पति-पत्नी रोजगार के सिलसिले में महाराष्ट्र (मुंबई) चले गए, जहां वे साथ रह रहे थे।
इसी दौरान पत्नी अपने पुराने प्रेमी के संपर्क में आ गई और एक दिन प्रेमी के साथ मुंबई से भागकर जौनपुर के गांव पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पति ने पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई। बाद में जब उसे दोनों के गांव आने की सूचना मिली, तो वह खुद जौनपुर पहुंचा।
परिस्थितियों को समझने के बाद पति ने टकराव या हिंसा का रास्ता नहीं चुना। उसने पत्नी और उसके प्रेमी को लेकर मंदिर पहुंचकर दोनों की शादी कराई। इसके बाद शुक्रवार को सभी लोग कचहरी पहुंचे, जहां आपसी सहमति से लिखापढ़ी हुई। तय हुआ कि बच्चा पिता के साथ रहेगा, जबकि पत्नी अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करेगी।
शादी के बाद पति ने पत्नी को प्रेमी के साथ विदा किया और बच्चे को लेकर मिर्जापुर स्थित अपने घर चला गया। इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों के परिजन और अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में पति ने कहा कि
“आज के समय में प्रेम संबंधों के चलते कई बड़े कांड हो रहे हैं। ऐसी पत्नियों से डर लगता है। मुझे जैसे ही पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई, मैंने उसे उसके प्रेमी के साथ भेजना ही बेहतर समझा।”
वहीं, पत्नी ने कैमरे के सामने कहा कि उसकी शादी झूठ बोलकर कराई गई थी और वह अपने पति से खुश नहीं थी। उसने बताया कि उसका प्रेम संबंध स्कूल के समय से चला आ रहा था और वह उसी से शादी करना चाहती थी।
प्रेमी राजू बैरागी ने कहा कि दोनों साथ पढ़ते थे। शुरुआत में कोई प्रेम संबंध नहीं था। उसकी शादी हो चुकी थी, लेकिन पत्नी की मृत्यु के बाद वह अकेला रह गया। बाद में युवती से संपर्क हुआ, उसने अपने वैवाहिक जीवन में असंतोष बताया और धीरे-धीरे दोनों करीब आ गए। इसके बाद वह उसे मुंबई से जौनपुर लेकर आया।
यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां पति का यह फैसला लोगों को हैरान करने के साथ-साथ रिश्तों, भरोसे और सामाजिक सोच पर कई सवाल भी खड़े कर रहा है।




