लखनऊ में नशे का कहर: कारोबारी को SUV से कुचला, दोनों पैर जख्मी

विभूतिखंड इलाके में गुरुवार रात शराब के नशे में धुत युवकों ने एक कारोबारी पर SUV (थार) चढ़ा दी, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने करीब 25 मिनट तक गाड़ी पैरों पर चढ़ाए रखी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सरोजनीनगर के न्यू गुडोरा निवासी मौरंग कारोबारी पवन पटेल के अनुसार, वह देर रात दोस्त प्रशांत सचान और अन्य साथियों के साथ समिट बिल्डिंग के क्लब में पार्टी करने गए थे। रात करीब एक बजे जब वे पार्किंग से बाहर निकल रहे थे, तभी परिसर में SUV और कार सवार कुछ युवक आपस में झगड़ते दिखे।

पवन ने बताया कि उन्होंने दोस्तों के साथ बीच-बचाव की कोशिश की, जिस पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और प्रशांत की चेन लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने थार से पवन को टक्कर मार दी और आगे बढ़ गए। जब सुरक्षा गेट बंद कराने की कोशिश की गई, तो आरोपियों ने गाड़ी रिवर्स कर पवन के दोनों पैरों को कुचल दिया

25 मिनट तक तड़पता रहा कारोबारी

पीड़ित का आरोप है कि वह दर्द से तड़पता रहा, लेकिन आरोपी नहीं माने और करीब 25 मिनट तक SUV पैरों पर चढ़ाए रखी। दोस्त को बचाने आए प्रशांत को भी बेल्टों से पीटा गया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पास की पुलिस चौकी से जवान पहुंचे, तब तक पवन बेहोश हो चुके थे।

पुलिस ने मौके से आकाश यादव और मोहित मेवाड़ी को पकड़कर किसी तरह पवन को SUV के नीचे से निकाला और लोहिया अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस कार्रवाई

इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल थार को जब्त कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच जारी है।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment