सुलतानपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान: बुलडोजर कार्रवाई पर व्यापारियों से तीखी नोकझोंक

सुलतानपुर में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने सख्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान अतिक्रमण के दायरे में आ रहे स्थायी निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे कई अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर व्यापारियों और नगर पालिका कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के चलते विरोध ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।

अभियान की शुरुआत बुधवार दोपहर कोतवाली नगर से गल्ला मंडी मार्ग से की गई। दुकानों के सामने सड़क की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण हटवाए गए। इसके बाद टीम चौक घंटाघर से शाहगंज चौराहा पहुंची, जहां सड़क के दोनों ओर से कब्जे हटाए गए। शाहगंज चौराहे से दरियापुर तिराहा तक जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण तोड़े गए।

वहीं डाकखाना चौराहे से मेडिकल कॉलेज मार्ग पर गलत ढंग से खड़े वाहनों को हटवाया गया, जबकि मेडिकल कॉलेज से कोतवाली नगर की ओर जाने वाली सड़क की पटरियों को पूरी तरह खाली कराया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखा गया भारी मात्रा में सामान जब्त किया गया और आठ अतिक्रमणकारियों पर कुल 7,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अचानक हुई कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदार बुलडोजर देखकर आनन-फानन में सामान समेटते नजर आए।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जुर्माने के बावजूद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण अभियान में भेदभाव का आरोप

इधर, किराना व्यापार मंडल समिति के अध्यक्ष आलोक सागर ने सोशल मीडिया के माध्यम से अतिक्रमण हटाओ अभियान पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण के नाम पर केवल स्थायी दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि ठेले, फूल विक्रेता, डिवाइडर और सड़क पर लगी दुकानों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

उन्होंने दावा किया कि करीब 10 दिनों से अभियान चलने के बावजूद शहर की स्थिति जस की तस बनी हुई है, और केवल दुकानदारों की नालियां तोड़कर कार्रवाई का दिखावा किया जा रहा है। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान की मांग करेगा।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment