सुल्तानपुर के सेमरी बाजार क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। भगवानपुर के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे औरैया जिले के पन्हार गांव निवासी राहुल बंजारा (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने उन्हें एंबुलेंस से विरसिंहपुर स्थित 100 बेड अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार सुबह अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि राहुल बंजारा पेशे से बर्तन विक्रेता थे। वह लखनऊ से बाइक पर बर्तन लादकर आजमगढ़ के फुलवरिया जा रहे थे, जहां वह किराये के कमरे में रहकर फेरी लगाते थे। सप्ताह में एक बार वह अपने घर औरैया जाया करते थे। बर्तन बेचकर ही वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
राहुल पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बीते वर्ष उनकी शादी मुस्कान से हुई थी और उनका पांच माह का एक बेटा कार्तिक है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में चीख-पुकार मची हुई है।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। वहीं, जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और बर्तन को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है।




