जनपद सुल्तानपुर के अखंडनगर थाना क्षेत्र में उस समय खौफ और हड़कंप मच गया, जब खेत में लगाए गए जाल में एक बड़ा जंगली जानवर फंसा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि जाल में फंसा जानवर तेंदुआ हो सकता है।
मामला कुंदा भैरवपुर चंदीपुर गांव का है। यहां किसान लंबे समय से जंगली सूअरों की वजह से फसल बर्बादी से परेशान थे। इसी परेशानी से बचने के लिए खेतों में सूअरों को पकड़ने के मकसद से जाल लगाए गए थे।
सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जब जाल में एक बड़े जानवर को फंसा देखा तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। अंधेरा होने के कारण जानवर की सही पहचान नहीं हो सकी, लेकिन उसके आकार और हरकतों को देखकर ग्रामीणों में तेंदुआ होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही राहुल नगर पुलिस चौकी प्रभारी कन्हैया कुमार पाण्डेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश सिंह और स्थानीय विधायक राजेश गौतम मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए पुलिस और वन विभाग को तुरंत जानकारी दी गई।
वन विभाग की टीम ने जानवर को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके। इसके बाद गोरखपुर से स्पेशल रेस्क्यू टीम बुलाई गई है, जिसके देर रात तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग सतर्क हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




