Sultanpur News: रेलवे स्टेशन पर नया वैकल्पिक रास्ता बना, यात्रियों को राहत

सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर मुख्य मार्ग बंद होने और खराब वैकल्पिक रास्ते से यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर प्रकाशित खबर के बाद रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। यात्रियों की दिक्कतों को गंभीरता से लेते हुए रेल कर्मचारियों के पुराने आवास तोड़कर नया वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है, जिससे अब प्लेटफॉर्म तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान हो गया है।

दरअसल, स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्य चल रहा है। इसी क्रम में पांच जनवरी की रात कार्यदायी संस्था ने टिनशेड और बल्लियां लगाकर स्टेशन का मुख्य मार्ग बंद कर दिया था। इसके बाद जो वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था, उसकी स्थिति बेहद खराब थी। यात्रियों को करीब 300 मीटर तक खस्ताहाल रास्ते से होकर प्लेटफॉर्म तक जाना पड़ रहा था, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी।

इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद रेलवे अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को वैकल्पिक मार्ग में सुधार के निर्देश दिए। उच्चाधिकारियों के आदेश पर बुधवार रात एनआरएमयू और यूआरएमयू संघ भवन के पीछे बने रेलवे कर्मचारियों के पुराने आवास को हटाकर नया रास्ता तैयार किया गया। नए मार्ग के बन जाने से यात्रियों की दूरी करीब 150 मीटर तक कम हो गई है। साथ ही खाली हुए स्थान पर चार पहिया वाहनों के खड़े होने की भी व्यवस्था की गई है।

स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है और जिन आवासों को हटाया गया है, उन्हें पहले ही खाली कराया जा चुका था। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

उधर, रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर स्थित आउटर फुट ओवरब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते बंद कर दिया गया है। इससे प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर जाने वाले यात्रियों को अब प्लेटफॉर्म नंबर एक की सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। व्यस्त समय में सीढ़ियों पर भीड़ लगने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन अधीक्षक के अनुसार, यह कार्य इंजीनियरिंग विभाग द्वारा कराया जा रहा है और जल्द ही फुट ओवरब्रिज को दोबारा खोल दिया जाएगा

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment