सुल्तानपुर में ठंड ने एक बार फिर लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। चार दिनों से जारी मौसम के उतार-चढ़ाव के बीच बुधवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 5.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार की तुलना में पारे में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और देर शाम शीतलहर का असर साफ दिखाई दिया। ठंडी हवाओं और बढ़ती गलन ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
सुबह के समय कोहरे और सर्द हवा के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही। हालांकि करीब 11 बजे धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। धूप निकलते ही शहर के चौक, दरियापुर, सब्जी मंडी, बस स्टैंड, शास्त्रीनगर, पंचरास्ता और स्टेशन रोड जैसे इलाकों में चहल-पहल बढ़ गई। लोग जरूरी काम निपटाने के लिए घरों से बाहर निकले, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
शाम ढलते ही तापमान में दोबारा गिरावट महसूस होने लगी और गलन ने फिर से असर दिखाना शुरू कर दिया। ठंडी हवा के साथ नमी बढ़ने से सर्दी ज्यादा चुभने लगी। शहर और ग्रामीण इलाकों में अलाव जलने लगे और लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव के सहारे बैठे नजर आए। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए यह मौसम ज्यादा परेशानी भरा साबित हो रहा है।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज (अयोध्या) के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार, बुधवार को सुल्तानपुर का अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4.5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें 2.0 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फिलहाल ठंड से तत्काल राहत के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में सुबह-शाम गलन बनी रह सकती है।
इधर, ठंड से बचाव के लिए लोग अपने-अपने स्तर पर उपाय कर रहे हैं। गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है, वहीं हीटिंग उपकरणों की मांग में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण विक्रेता समीर के अनुसार, सनरूम हीटर और कम बिजली खपत वाले हीटिंग उपकरणों की मांग अचानक बढ़ी है। लोग ऐसे विकल्प तलाश रहे हैं, जिनसे सर्दी से राहत भी मिले और बिजली का खर्च भी ज्यादा न बढ़े।
कुल मिलाकर, सुल्तानपुर में ठंड का असर फिलहाल कम होता नहीं दिख रहा है। दिन में धूप निकलने के बावजूद शाम और रात के समय गलन लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह सर्दी के असर में बना हुआ है।




