सुल्तानपुर, देवरिया समेत यूपी के कई जिलों में फिर ठंड की मार

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। शनिवार और रविवार को मिली हल्की राहत अब ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से प्रदेश में दोबारा ठंड का असर बढ़ेगा और कोहरे व शीतलहर का नया दौर शुरू होने की संभावना है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गलन बढ़ने और तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।

बीते दो दिनों में प्रदेश के अधिकतर इलाकों में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत जरूर मिली। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। साथ ही, कोहरे की तीव्रता में भी अस्थायी कमी देखने को मिली। लेकिन यह राहत अब खत्म होने वाली है।

मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही पहाड़ों से आने वाली ठंडी उत्तरी-पछुआ हवाएं सक्रिय हो जाएंगी। इसके चलते प्रदेश के तापमान में फिर गिरावट आएगी। पश्चिमी यूपी में खासतौर पर रात और सुबह के समय शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से कुछ देर के लिए राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और संभल जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के आसार जताए गए हैं।

तराई क्षेत्र के जिलों में कोहरे को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के 23 अन्य जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ सकता है।

घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जिन जिलों में जारी किया गया है, उनमें गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़ और बिजनौर सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार से यूपी में विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद हवा का रुख पूरी तरह उत्तरी-पछुआ हो जाएगा। इससे ठंड में इजाफा होगा। उन्होंने बताया कि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड फिर तेज हो जाएगी और रात के समय कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ सकता है। तराई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहें, अनावश्यक रूप से सुबह और देर रात यात्रा से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

यह लेखक News Hub Hindi से जुड़ा हुआ है और स्थानीय व राज्य स्तरीय समाचारों पर नियमित रूप से लेखन करता है। प्रशासनिक गतिविधियाँ, जनहित से जुड़े मुद्दे, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और सामाजिक घटनाएँ इसके प्रमुख विषय हैं।लेखक का फोकस तथ्य आधारित रिपोर्टिंग और समय पर सही जानकारी पाठकों तक पहुँचाने पर रहता है। खबरों के चयन और प्रस्तुति में विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक सूचनाओं और जमीनी तथ्यों को प्राथमिकता दी जाती है।

Leave a Comment