अमरोहा में युवक की पीट-पीटकर हत्या,पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जाम:बाइक चोरी के शक में लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप, बुलडोजर कार्रवाई की मांग

अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के पखरौला गांव में 40 वर्षीय दलित युवक संजय की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से नाराज परिजनों ने शाम करीब साढ़े चार बजे पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जोया रोड पर जाम लगा दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। बाइक चोरी के शक में हुआ विवाद परिजनों के अनुसार, संजय ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी सुमन देवी, एक बड़ी बेटी और दो छोटे बेटे हैं। आरोप है कि शनिवार रात गांव का जब्बार बाइक चोरी करने के इरादे से संजय के घर पहुंचा था। संजय की नजर पड़ने पर वह वहां से भाग गया। इसके बाद संजय उसके घर यह पूछने पहुंचा कि वह वहां क्या कर रहा था। तीन बेटों और बहनोई पर मारपीट का आरोप परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान जब्बार के तीन बेटों और उसके बहनोई ने संजय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन संजय को गांव के ही एक क्लिनिक पर ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे घर वापस लाया गया। रविवार सुबह करीब चार बजे घर पर ही संजय की मौत हो गई। कार्रवाई की मांग को लेकर लगाया जाम संजय की मौत की जानकारी के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद परिजन जोया रोड पर बैठ गए और जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर तीन थानों की पुलिस फोर्स और तीन क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और यातायात सुचारु कराया गया।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment