चित्रकूट में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। मृतक की पहचान संतोष नामदेव के रूप में हुई है, जो पहाड़ी थाना क्षेत्र के नांदी चौराहे के पास एक होटल की दुकान चलाते थे। रविवार को वह अपनी दुकान बंद कर नित्यक्रिया के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से संतोष गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें खेत में पड़ा देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन संतोष को लेकर सीएचसी पहाड़ी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई है। प्रशासन ने मौसम में बदलाव और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं के मद्देनजर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार, गरज-चमक के दौरान खुले खेत, पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए और सुरक्षित स्थान पर रहना चाहिए।




