झांसी में सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और डेढ़ साल की बेटी चोटिल हो गए। तीनों 9 अगस्त को अस्पताल में भर्ती मां को देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक जानवरों से टकरा गई थी। महिला अपनी बेटी को गोद में बैठाए थे। टक्कर लगते ही बेटी को बचाने के चक्कर में वह सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गई थी। तब से उसका इलाज चल रहा था। रविवार को महिला ने दम तोड़ दिया। पति के हाथ में फैक्चर है। हादसा चिरगांव थाना क्षेत्र में हुआ था। अस्पताल में भर्ती थी मां मृतका का नाम मीना (28) पत्नी सुनील वंशकार था। वह पंडोरी गांव की रहने वाली थी। मृतक के पति सुनील वंशकार ने बताया- हमारी शादी लगभग ढाई साल पहले हुई थी। हमारी डेढ़ साल की एक बेटी सृष्टि है। मैं मजदूरी करता हूं। मीना की मां बीमार चल रही थी। वह झांसी के एक अस्पताल में भर्ती थी। 9 अगस्त को हम लोग उनको देखने झांसी आए थे। उनको देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। मेरी पत्नी बेटी को गोद में लेकर बैठी हुई थी। जब हम चिरगांव थाना क्षेत्र में सिया-सुल्तानपुर के पास बने ओवरब्रिज के पास पहुंचे तो अचानक दो सांड़ लड़ते हुए सड़क पर आ गए। बाइक सांडों से टकरा गई। बेटी को बचाने के प्रयास में मीना का सिर जमीन से जा टकराया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मेरा हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मीना की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान मीना की मौत हो गई।




