मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे लाइन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 17 साल के किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बुलंदशहर के सराय सरूपा निवासी कार्तिक पुत्र मिठन लाल के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार्तिक अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से निकला था। काफी देर तक कार्तिक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच पुलिस को रेलवे लाइन के पास एक किशोर के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग मथुरा पहुंचे और शव की पहचान कार्तिक के रूप में की। मां की डांट के बाद घर से निकला था परिजनों के मुताबिक, कार्तिक को उसकी मां ने किसी बात को लेकर डांटा था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ देर बाद वापस आ जाएगा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें रेलवे लाइन के पास हादसे की जानकारी मिली। रेलवे लाइन के पास ट्रेन की चपेट में आया रविवार सुबह करीब 8 बजे थाना हाईवे पुलिस को रेलवे लाइन के पास एक किशोर के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान कार्तिक के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने बुलंदशहर में उसके परिवार को घटना की जानकारी दी। इकलौता बेटा था कार्तिक सूचना मिलने के बाद परिजन मथुरा पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे कार्तिक के रूप में की। परिजनों ने बताया कि कार्तिक परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को लेकर अपने गांव के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने घटना को लेकर आवश्यक जांच की है। मौत की परिस्थितियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।




