लखनऊ में रविवार शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। VVIP गेस्ट हाउस से निकलकर भाजपा कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम के अपमान का आरोप लगाया। पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से करीब 300 मीटर पहले सुन्नी वक्फ बोर्ड के पास बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। प्रदर्शन में शामिल भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा समेत अन्य कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और वंदे मातरम गाया। भाजपा कार्यकर्ता लगातार कांग्रेस कार्यालय की ओर जाने की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। भाजपा कार्यकर्ता जब कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। ठीक उसी समय कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यालय से निकलकर बीजेपी कार्यकर्ताओं की ओर बढ़ने लगे। कांग्रेस कार्यालय के करीब 50 मीटर के बाद बैरिकेडिंग करके पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उनकी पुलिस से नोकझोंक हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के ऊपर चढ़कर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। देखिए 2 तस्वीरें… कांग्रेस हमेशा जिन्ना और पाकिस्तान सोच की रही: रोहित रोहित मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान में भाजपा मैदान में है। किसी भी हाल में राष्ट्रीय गीत का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने जो कृत्य किया है, इसके लिए देश कभी उन्हें माफ नहीं करेगा। कांग्रेस पार्टी हमेशा जिन्ना और पाकिस्तान सोच की रही है। उनकी सोच आजादी के बाद भी नहीं बदली है। हम वंदे मातरम कांग्रेस मुख्यालय पर गायेंगे और कांग्रेसियों को राष्ट्रीयता और राष्ट्र गीत बताएंगे। उन्हें बताएंगे कि 53 सेकंड का राष्ट्रगीत अब 3 मिनट से ज्यादा का हो गया है। ‘कांग्रेस देश से माफी मांगे’ रोहित मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस जैसी पार्टियों को शर्म आना चाहिए, जो वंदे मातरम नहीं गा सकते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवह्न पर जहां पूरा देश वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने का जश्न मना रहा, वहीं कांग्रेसी इसका अपमान कर रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस का दिन देश भक्ति में डूबा हुआ होता है। हर कोई शहीदों को याद करता है। राष्ट्र गीत गाता है मगर ऐसे वक्त में कांग्रेस ने पूरे देश को बता दिया कि यह लोग ना तो राष्ट्र का सम्मान करते हैं और ना ही राष्ट्र गीत का। इसलिए हमारी मांग है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत पूरी पार्टी भारत से माफी मांगे।




