मथुरा में बीच-बचाव करने पर परिवार पर हमला:एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल, एक की हालत गंभीर

मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के काजीपुरा कस्बे में बीच-बचाव करने पर एक परिवार पर हमला हो गया। इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हमला रविवार सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ जब युवक खेत पर चारा लेने गया था। पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले काजीपुरा निवासी खुशीराम, नेत्रपाल और प्रमोद के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। पड़ोस में रहने वाले मनोज और उनके परिजन पूरन सिंह ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर खुशीराम और नेत्रपाल पक्ष मनोज व उसके परिवार से रंजिश रखने लगा। रविवार सुबह करीब 8 बजे जब मनोज खेत पर चारा लेने गया, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे प्रमोद का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में मनोज घायल हो गया। शोर सुनकर उसके पिता पूरन सिंह, मां सुभद्रा और बच्चे हर्ष व कृष्णा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडे, फरसा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में मनोज, उनके पिता पूरन सिंह, मां सुभद्रा, और बच्चे हर्ष व कृष्णा घायल हो गए। सूचना मिलने पर महावन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने मनोज की हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment