मऊ पुलिस ने सावन के तीसरे सोमवार के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। प्रमुख शिव मंदिरों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की भीड़ वाले स्थानों और आवागमन के मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार को जिले के लगभग 10 प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त, करीब 150 अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। कई स्थानों पर छोटे-बड़े मेले भी लगेंगे। भीड़ को देखते हुए कोपागंज, घोसी और दोहरीघाट समेत अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। दोहरीघाट में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्टीमर और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। महिला पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तैनाती भी की गई है। बड़े वाहनों को भीड़भाड़ वाले मार्गों पर जाने से रोकने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जा रहा है, ताकि जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति से बचा जा सके। यह डायवर्जन आज से प्रभावी रहेगा। एएसपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए रविवार शाम से ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया गया है। सोमवार सुबह भी ड्रोन के माध्यम से प्रमुख मंदिरों एवं भीड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।




