हनीमून पर दुल्हन को पीरियड आने पर पीटा:गोरखपुर की युवती की 45 दिन में टूटी शादी; दिल्ली में ससुराल, अंडमान गए थे घूमने

हनीमून पर पीरियड्स आने से नाराज पति ने पत्नी को थप्पड़ मारे और लात-घूंसों से पीटा। पति ने गुस्से में कहा- जब पता था तो हनीमून पर क्यों आई। तेरे साथ नहीं रहना है। तूने मेरा मूड खराब कर दिया। युवती का आरोप है कि पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उसकी जान बचाई। युवती की तहरीर पर शनिवार को गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने में पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। गोरखपुर की रहने वाली युवती की तीन साल पहले दिल्ली के युवक से शादी हुई थी। दोनों अंडमान-निकोबार हनीमून पर गए थे। युवती के मुताबिक, शादी के महज 45 दिन बाद ही उसे ससुराल से निकाल दिया गया। एफआईआर के लिए वह तीन साल से पुलिस के चक्कर लगा रही थी। अब जानिए पूरा मामला रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली युवती की शिकायत के अनुसार, उसकी शादी दिल्ली निवासी निखिल मिश्रा से 30 मई 2023 को हुई थी। ससुराल पक्ष की इच्छा के अनुसार शादी का कार्यक्रम दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र के पटपड़गंज स्थित एक मैरिज लॉन में हुआ था। गोरखपुर से उसके परिवार और रिश्तेदार शादी में शामिल होने गए थे। शादी से पहले 30 अप्रैल 2023 को गोरखपुर के एक मैरिज हॉल में गोदभराई का कार्यक्रम हुआ था। इसमें पति समेत ससुराल पक्ष के लोग दिल्ली से आए थे। महिला के मुताबिक, इस दौरान ससुराल वालों ने कहा था कि जो भी सामान दिया जाए, वह ब्रांडेड होना चाहिए। युवती का आरोप है कि उसके पिता ने 20 लाख रुपए नकद, एक हुंडई वेन्यू कार समेत करीब 40 लाख रुपए का दहेज दिया था। हनीमून पर हुई मारपीट युवती ने बताया कि 2 जून 2023 को वह विदा होकर ससुराल पहुंची। दहेज का सामान देखकर ससुराल वालों ने उसे बेइज्जत किया। उन्होंने कहा कि ब्रांडेड सामान भी नहीं दे सके। इसके करीब एक महीने बाद 4 जुलाई को वह पति के साथ अंडमान-निकोबार हनीमून मनाने गई। युवती के मुताबिक, वहां पीरियड्स के दौरान उसके पेट में तेज दर्द हुआ और काफी खून निकलने लगा। वह दर्द से रोने लगी। युवती का आरोप है कि यह देखकर पति नाराज हो गया। उसने कहा- तुम्हें ये सब पहले बताना चाहिए था। तुमने मेरा मूड खराब कर दिया। इसके बाद पति ने उसे लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा और गला दबाने की कोशिश की। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर होटल कर्मचारी कमरे के बाहर पहुंच गए और दरवाजा पीटने लगे। युवती के मुताबिक, कर्मचारियों के पहुंचने पर पति डर गया और उसे छोड़ दिया। इसके बाद पति ने उसके पिता को कॉल कर गाली-गलौज की और कहा कि अपनी बेटी को दिल्ली आकर ले जाओ। मैं इसके साथ नहीं रहूंगा। 45 दिन बाद ससुराल से निकाला युवती किसी तरह दिल्ली स्थित ससुराल पहुंची। वहां सास को पूरी घटना बताई। आरोप है कि सास और ननद ने भी पति का साथ दिया और उसे प्रताड़ित करने लगीं। युवती के मुताबिक, शादी के 45 दिन बाद 14 जुलाई 2023 को उसे ससुराल से निकाल दिया गया। उसके पिता भी वहां पहुंचे और उन्होंने ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी बेइज्जत करके घर से निकाल दिया गया। युवती का आरोप है कि घर से निकाले जाने के बाद भी ससुराल वालों ने उसका दहेज का सामान वापस नहीं किया। पति WhatsApp पर मैसेज कर आए दिन उसे जान से मारने की धमकी देता है। रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामा नंद राय ने बताया- युवती की तहरीर पर पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा और ननद नेहा पांडेय के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामले की जांच दरोगा सुनील कुमार यादव को सौंपी गई है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। ——————————
ये खबर भी पढ़ें… वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चली, 2 कर्मचारी घायल; यात्री पिस्टल जमा कराने पहुंचा था, तभी फायर हुआ; मुंबई जा रहा था वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री पत्नी के साथ IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहा था। पढ़िए पूरी खबर

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment