सुल्तानपुर में तमंचा दिखाकर 17 हजार की लूट:गुगल-पे से 40 हजार ट्रांसफर कराए, दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरे की तलाश जारी

सुल्तानपुर के कोतवाली देहात पुलिस ने तमंचा दिखाकर लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि बदमाशों ने एक व्यक्ति से 17 हजार रुप नकद लूटने के साथ उसके मोबाइल से Google Pay के जरिए 40 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कराए थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में इस्तेमाल बाइक और नकदी बरामद की है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। सुनसान जगह पर रोककर बनाया था निशाना पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को नित्यानंद मिश्रा अपने साथी दिवस यादव के साथ टेंट का सामान लेने सुल्तानपुर जा रहे थे। दोमुहां चौराहे के पास तीन युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि पखरौली रोड पर पेट्रोल पंप के आगे सुनसान स्थान पर बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और तमंचा दिखाकर धमकाया। इसके बाद नित्यानंद से 17 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। आरोपियों ने उनके मोबाइल से Google Pay के जरिए 40 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कराए। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़ित की तहरीर पर 15 अगस्त को कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया। दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश एसपी चारू निगम के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी विभू मिश्रा पुत्र स्व. कृष्ण कुमार मिश्रा निवासी धनुपुर, थाना लम्भुआ को 15 अगस्त की रात करीब 9:21 बजे बीट हाउस भदैया से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, लूट में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और 1,300 रुपये बरामद किए गए। दूसरे आरोपी आदर्श पाण्डेय पुत्र उमेश चंद्र पाण्डेय निवासी पाण्डेयपुर, थाना लम्भुआ को 16 अगस्त सुबह करीब 11:18 बजे पखरौली रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूट के 1,650 रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद तीसरे आरोपी विकास सिंह की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।

Content writer specializing in creating engaging and meaningful web content. I love turning ideas into words that connect with readers.

Leave a Comment