BHU की जोधपुर कॉलोनी में डॉग अटैक में गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय अभिनव से चार दिन बाद रविवार को प्रो. श्रद्धा सिंह मिलने पहुंचीं। उन्होंने बच्चे के माता-पिता से घटना को लेकर माफी मांगी। कहा कि अब भविष्य में कभी कुत्ता नहीं पालूंगी। इस पर बच्चे की मां ने पूछा कि चार दिन बाद क्यों आई हो, ऐसी घटना आपके बच्चे के साथ होती तो क्या करतीं। प्रोफेसर ने कुत्ते का टीकाकरण कार्ड दिखाया हिंदी विभाग की प्रो. श्रद्धा के कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया था। इसमें बच्चे के सिर व चेहरे पर 50 टांके लगे थे। बच्चा अभी भी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। प्रोफेसर ने उसके माता-पिता से मुलाकात कर कुत्ते के टीकाकरण का कार्ड परिजनों को दिखाया। कहा कि समय पर टीके लगे हैं, ज्यादा खतरा नहीं है। प्रोफेसर ने आरोपों को बताया था गलत प्रो. श्रद्धा सिंह ने घटना के बाद करीब 5 मिनट 47 सेकंड का ऑडियो बयान जारी कर बच्चे पर कुत्ते के हमले के आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने दावा किया था कि बच्चे को कुत्ते ने नहीं काटा, बल्कि बाइक की टक्कर लगने के बाद गिरने से उसके सिर में चोट आई। प्रोफेसर के मुताबिक, उनके घर के सीसीटीवी में बच्चा दौड़ते हुए गिरता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज प्रॉक्टोरियल बोर्ड को उपलब्ध कराने की बात कही थी। कुलपति ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, बच्चे के इलाज की जानकारी ली बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी घायल बच्चे अभिनव के इलाज की जानकारी लेने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उनके साथ ट्रॉमा सेंटर के आचार्य प्रभारी प्रो. अजीत सिंह और बच्चे का इलाज कर रहे चिकित्सक मौजूद रहे। कुलपति ने बच्चे के माता-पिता और परिजनों से मुलाकात की। चिकित्सकों से बच्चे के स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति की जानकारी ली। 13 अगस्त की सुबह हुआ था हमला घायल बच्चे के पिता और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में सीनियर नर्सिंग ऑफिसर प्रेमाराम के मुताबिक, 13 अगस्त की सुबह वह दोनों बेटों 11 वर्षीय अभिनव और 13 वर्षीय हर्ष के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हर्ष आगे निकल गया, जबकि अभिनव पिता के साथ था। प्रेमाराम के मुताबिक उन्होंने अभिनव को घर जाने के लिए कहा और बड़े बेटे हर्ष को लेने आगे बढ़ गए। इसी दौरान प्रो. श्रद्धा सिंह के पालतू कुत्ते ने अभिनव पर हमला कर दिया। ‘करीब 5 मिनट तक नोचता रहा कुत्ता’ परिजनों का आरोप है कि कुत्ते ने बच्चे को करीब पांच मिनट तक नोचा। हमले में उसके चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आईं। बच्चा खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे देखा और तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने बच्चे की सर्जरी की। उसके चेहरे और सिर पर करीब 50 टांके लगाए गए। पिछले चार दिनों से उसका उपचार चल रहा है। अभी बोल नहीं पा रहा बच्चा परिजनों के मुताबिक, अभिनव की हालत में थोड़ा सुधार है, लेकिन वह अभी बोल नहीं पा रहा है। खाना खाने में भी परेशानी हो रही है। चेहरे पर सूजन है। घटना के बाद बच्चा शारीरिक चोट के साथ मानसिक रूप से भी परेशान है। मोबाइल पर टाइप कर बताई थी पूरी घटना अभिनव के परिजनों ने बताया था कि चोटों के कारण बच्चा बोलने में असमर्थ है। उसने मोबाइल पर संदेश टाइप कर बताया कि यूनिवर्सिटी क्लब और चौराहे के बीच खड़ी एक कार के पास वह मौजूद था। इसी दौरान एक भूरे रंग का कुत्ता आया और उस पर हमला कर दिया। वो भागा, लेकिन बच नहीं सका। पिता ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग अभिनव के पिता प्रेमाराम ने बीएचयू कुलपति और चीफ प्रॉक्टर से शिकायत कर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि संबंधित कुत्ता पहले भी लोगों पर हमला कर चुका है। उन्होंने बीएचयू परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराने और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट होनी चाहिए। ‘पशुओं से जुड़े नियम सख्ती से लागू करेंगे’ BHU के PRO राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य आरक्षाधिकारी कार्यालय को इसकी पड़ताल के निर्देश दिए हैं। साथ ही, परिसर में पशुओं से संबंधित विषयों पर संपदा कार्यालय के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में पशुओं के प्रबंधन, पंजीकरण और टीकाकरण के लिए नीति है, इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। हो सकती है 6 माह तक की जेल लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि ऐसे मामलों में कुत्ता पालने वाले के विरुद्ध 291 के तहत केस बनता है, जिसमें 5000 रुपए जुर्माना और 6 माह तक की जेल का प्रावधान है। हालांकि लिखित शिकायत मिलने के बाद ही कोई कार्रवाई की जा सकती है। —————– ये खबर भी पढ़ें… वाराणसी एयरपोर्ट पर गोली चली, 2 कर्मचारी घायल:शिवसेना नेता पिस्टल की जांच करा रहा था, तभी फायर हुआ वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री कमलेश राय पत्नी के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे। उन्होंने विमान में ले जाने वाले हथियार को पहले ही डिक्लेयर किया था। पूरी खबर पढ़ें…



