Sultanpur News: 13 वर्षीय बालिका की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

सुल्तानपुर। जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बालिका की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कूरेभार में भर्ती कराया गया है। आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ मंगलवार देर रात कूरेभार थाना क्षेत्र के धनजई मोड़ के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या का आरोपी इलाके में छिपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तभी आरोपी ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।

यह सनसनीखेज वारदात कूरेभार थाना क्षेत्र के गलिबहा कुदारन गांव में मंगलवार दोपहर सामने आई थी। गांव निवासी 13 वर्षीय जान्हवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। बालिका का शव मिलने के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई थी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस मामले में मां और बेटे की भूमिका संदिग्ध है। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के कुछ समय बाद ही पुलिस ने आरोपी की मां को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसका बेटा मौके से फरार हो गया था। तभी से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही थीं।

अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मंगलवार रात सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, इसी दौरान मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कूरेभार भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।

शुभम कौशल मुख्य रूप से स्थानीय समस्याओं, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा और जनहित से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग करते हैं। वे सच्ची और निष्पक्ष पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनका मानना है कि पत्रकारिता लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाती है।

Leave a Comment