Pratapgarh News: खेत की सिंचाई करने गए किसान की हत्या, सुबह खेत में खून से लथपथ मिला शव

प्रतापगढ़। जिले के अंतू थाना क्षेत्र के नरी गांव में खेत की सिंचाई करने गए एक किसान की हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह खेत में खून से लथपथ शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए हैं।

मृतक की पहचान गांव निवासी राम लखन यादव (60) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, राम लखन यादव गुरुवार देर रात खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात में वापस नहीं लौटे। सुबह जब परिजन उन्हें देखने खेत पहुंचे तो उनका शव खून से सना हुआ पड़ा मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर आसपास के साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शुभम कौशल मुख्य रूप से स्थानीय समस्याओं, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा और जनहित से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग करते हैं। वे सच्ची और निष्पक्ष पत्रकारिता में विश्वास रखते हैं। उनका मानना है कि पत्रकारिता लोकतंत्र की नींव को मजबूत बनाती है।

Leave a Comment